दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर से चोरी हुए करोड़ों के कलश का राज आखिरकार खुल गया है। क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के हापुड़ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुआ कलश भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब बाकी आरोपियों और चोरी हुए दो अन्य कलश की तलाश में जुटी है।
एक नहीं, तीन कलश चोरी
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि लाल किले से सिर्फ एक नहीं बल्कि तीन कलश चोरी किए गए थे। अभी केवल एक कलश पुलिस के हाथ आया है, जबकि बाकी दो की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
CCTV फुटेज से पकड़ा गया सुराग
जांच के दौरान सामने आया कि धोती पहना एक शख्स बड़ी चालाकी से पूजा स्थल तक पहुंचा और मौके का फायदा उठाकर कलश को झोले में डालकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज ने पुलिस को इस पूरे खेल का सुराग दिया।
सोने और रत्नों से जड़ा था कलश
बरामद हुआ कलश कोई साधारण चीज नहीं थी। इसमें करीब 760 ग्राम सोना और लगभग 150 ग्राम कीमती रत्न (हीरे, पन्ना और माणिक्य) जड़े हुए थे। यह कलश जैन समाज के धार्मिक आयोजनों का अभिन्न हिस्सा था और हर दिन पूजा के दौरान विशेष मंच पर स्थापित किया जाता था।
धार्मिक महत्व भी गहरा
आयोजन समिति के सदस्य पुनीत जैन के अनुसार, यह कलश लंबे समय से धार्मिक अनुष्ठानों में उपयोग होता आ रहा था। खास बात यह थी कि मंच पर प्रवेश केवल पारंपरिक परिधान पहने अधिकृत व्यक्तियों को ही मिलता था।








