दिल्ली में सस्ते घर का सपना साकार! DDA की DDA Jansadharan Awas Yojana 2025 से मिलेंगे किफायती फ्लैट, 11 सितंबर से शुरू रजिस्ट्रेशन – जल्दी करें!

नई दिल्ली: क्या आप दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, लेकिन बजट की टेंशन है? तो खुशखबरी! दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने ‘जनसाधारण आवास योजना 2025’ लॉन्च कर दी है. इस स्कीम से आम लोग आसानी से किफायती फ्लैट खरीद सकेंगे. रजिस्ट्रेशन 11 सितंबर से शुरू हो रहा है. अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी.

पीटीआई के मुताबिक, ये योजना दिल्ली में आम आदमी को सस्ते घर उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई है. इच्छुक लोग DDA की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर 11 सितंबर से रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के बाद 22 सितंबर से फ्लैट की बुकिंग शुरू हो जाएगी. योजना की आखिरी तारीख 21 दिसंबर 2025 है.

पहले आओ, पहले पाओ

DDA के सर्कुलर में कहा गया है कि सभी को किफायती घर देने की कोशिशों के तहत, DDA दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में EWS/जनता कैटेगरी के 1,172 फ्लैट बेचने जा रहा है. ये फ्लैट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगे. ये फ्लैट नरेला, लोकनायकपुरम, रोहिणी, टोडापुर, द्वारका सेक्टर 14 और 19B, और मंगलापुरी जैसे सात जगहों पर उपलब्ध हैं.

EWS फ्लैट्स के लिए अप्लाई करने वाले और उनके जॉइंट/को-अप्लिकेंट की फैमिली इनकम सालाना 10 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. दोनों परिवारों को अलग-अलग माना जाएगा. जनता कैटेगरी के फ्लैट्स के लिए कोई इनकम लिमिट नहीं है. अप्लिकेंट की मिनिमम उम्र 18 साल होनी चाहिए.

कितने और कहां मिलेंगे फ्लैट?

नरेला में सबसे ज्यादा 672 EWS कैटेगरी के फ्लैट हैं, जिनकी कीमत 9.18 लाख से 27.86 लाख रुपये तक है. रोहिणी में 97 जनता कैटेगरी के फ्लैट हैं, जो 14.59 लाख रुपये से शुरू होकर 28 वर्ग मीटर से 28.81 वर्ग मीटर तक के हैं. सर्कुलर में आगे कहा गया है कि रजिस्ट्रेशन फीस 2,500 रुपये है. पहले से पोर्टल पर रजिस्टर्ड लोगों को ये फीस नहीं देनी होगी. हर फ्लैट की बुकिंग अमाउंट 50,000 रुपये है. अप्लिकेंट जितने चाहें फ्लैट बुक कर सकते हैं, कोई लिमिट नहीं.

योजना की खास बातें

  • रजिस्ट्रेशन शुरू: 11 सितंबर 2025
  • बुकिंग की शुरुआत: 22 सितंबर 2025
  • योजना का समापन: 21 दिसंबर 2025
  • आवंटन प्रक्रिया: पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी.

Leave a Comment